आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

22 अक्तूबर 2011

2012 में राहुल बनेंगे कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष !

नई दिल्ली. कांग्रेस में यह तय हो गया है कि राहुल गांधी को अगले साल पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। उस समय का इंतजार हो रहा है,जब उनकी औपचारिक रूप से ताजपोशी की जाएगी।
सरकार और पार्टी में उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार,अगले साल उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनावों के पहले या तत्काल बाद बदलाव की घोषणा की जा सकती है। नाम न बताने की शर्त पर सूत्र ने कहा कि सरकार एवं पार्टी का नियंत्रण सोनिया गांधी के हाथ में ही रहेगा। सरकार के वरिष्ठ सदस्य वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी एवं अन्य राहुल से नीतिगत मामलों पर चर्चा करेंगे। पार्टी की नीति और विचारधारा सरकार के कामों से स्पष्ट करने के लिए ऐसा किया जाएगा।

राहुल गांधी अब तक अनिच्छुक रहे हैं। क्या प्रियंका वाड्रा को पार्टी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है? सूत्र ने कहा, लोगों में यह गलतफहमी है। पूरा परिवार (सोनिया, राहुल और प्रियंका) मिलकर फैसले लेता है। सोनिया और प्रियंका दोनों चाहते हैं कि राहुल आगे बढ़ें। उनके बीच आपस में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।
पार्टी में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सोनिया गांधी 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में लड़ने से इनकार कर सकती हैं। ऐसे में उनके स्थान पर प्रियंका रायबरेली की परंपरागत सीट पर पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाएंगी। पार्टी चाहती है कि राहुल 2014 के आम चुनावों में नेतृत्व करें और जीतकर प्रधानमंत्री बनें।
फिलहाल मनमोहन सिंह के स्थान पर किसी और को प्रधानमंत्री बनाने की योजना नहीं है। यह भी कयास लग रहे हैं कि अगले साल जुलाई में प्रतिभा देवीसिंह पाटील का कार्यकाल पूरा होगा तो उनके स्थान पर मनमोहन सिंह को राष्ट्रपति बनाया जा सकता है। लेकिन यह तभी संभव है, जब राहुल प्रधानमंत्री बनने को राजी हो जाए। फिलहाल वे ऐसा नहीं चाहते। ऐसे में 2014 तक मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने रहेंगे। राज्यसभा में उनका चौथा कार्यकाल जून 2013 में खत्म हो रहा है।

क्या राहुल गांधी का राजनीतिक दृष्टिकोण परिपक्व हो गया है या अभी भी वे सीख रहे हैं? सूत्र ने कहा कि वे समाज के कमजोर तबकों के लिए काम करना चाहते हैं। वे दादी इंदिरा गांधी का अनुसरण कर रहे हैं। वे ग्रामीण भारत और गरीबों में अपनी और पार्टी की छवि चमकाना चाहते हैं। कांग्रेस को यह डर भी है कि अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को शहरों में मिल रहे समर्थन से पार्टी की रणनीति विफल हो सकती है।

राजनीतिक कयास

- अगले साल उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनावों के पहले या बाद में राहुल गांधी को कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा।
- यदि सोनिया गांधी ने 2014 में चुनाव लड़ने से इनकार किया तो राहुल की बहन प्रियंका वाड्रा को रायबरेली से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया जा सकता है।
- राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील का कार्यकाल अगले साल जुलाई में खत्म होगा। मनमोहन सिंह को राष्ट्रपति पद पर पदोन्नत किया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...