आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

09 अगस्त 2011

जंतर मंतर पर चलीं लाठियां, पत्‍थर और आंसू गैस के गोले

 
 
 

 
नई दिल्ली. भ्रष्‍टाचार के खिलाफ मुहिम में अन्‍ना हजारे के अनशन से पहले मंगलवार को जंतर मंतर पर भाजपाइयों ने ताकत दिखाई। लेकिन पुलिस ने उन्‍हें कुचल दिया। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री शीला दीक्षित के इस्‍तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे।

संसद के घेराव के बाद बड़ी संख्या में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 'भ्रष्टाचार मिटाओ और शीला दीक्षित हटाओ' के नारे लगाते हुए जंतर-मतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। थोड़ी देर में प्रदर्शन हिंसक हो गया। कार्यकर्ता पुलिस का घेरा तोड़ कर संसद परिसर की तरफ निकल गए। काफी संख्या में प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए संसद के वीआईपी एरिया में पहुंच गए जहां किसी भी प्रदर्शनकारी को जाने की इजाजत नहीं होती है। प्रदर्शकारियों को बेकाबू होता देख पुलिस ने लाठी चार्ज शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें भी छोड़ी गईं। सुरक्षा बलों ने घटना को कवर कर रहे मीडियाकर्मियों को भी नहीं बख्‍शा। उन्‍होंने उनसे बदसुलूकी और मारपीट की। यहां तक कि फोटो जर्नलिस्‍ट शेखर घोष का कैमरा भी छीन लिया।
भाजपा नेताओं ने लोकसभा में यह मामला उठाया और विरोध को कुचले जाने को मुद्दा बना कर हंगामा किया। इसके चलते लोकसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्‍थगित कर दी गई।


वहीं, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने बिना किसी वजह के लाठीचार्ज किया है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र से करीब 25-30 हजार युवाओं ने संसद मार्ग पर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

इससे पहले बीजेपी की युवा ईकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए संसद का घेराव किया। भाजयुमो के देश भर से आए कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में इकट्ठा हुए जहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी, लोकसभा में पार्टी की नेता सुषमा स्वराज भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रामलीला मैदान में संबोधित किया। नितिन गडकरी ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कलमाड़ी की कॉमनवेल्थ खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए दबाव बनाया और वे ही दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को बचाने का काम कर रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...