अनिल आनंद और नईमुद्दीन गुड्डू ने उठाई आवाज, हैंगिंग ब्रिज पर 85 रुपए टोल वसूली का किया विरोध
स्थानीय वाहनों के लिए निशुल्क आवागमन सुविधा बहाल करने की मांग, बोले—जनता का रास्ता आसान बनाइए, महंगा नहीं
डिजिटल भास्कर पत्रिका न्यूज़
के डी अब्बासी
कोटा। हैंगिंग ब्रिज पर स्थानीय वाहनों को मिलने वाली निशुल्क टोल सुविधा समाप्त कर प्रति चक्कर 85 रुपए वसूली शुरू करने के निर्णय का विरोध तेज हो गया है। लाडपुरा पंचायत समिति प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा लाडपुरा समन्वयक अनिल आनंद ने सरकार और एनएचएआई के इस निर्णय पर गहरी नाराजगी जताते हुए स्थानीय वाहनों के लिए पूर्व की तरह निशुल्क आवागमन सुविधा बहाल करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि शंभूपुरा, कोटा-बूंदी मार्ग और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों के लिए हैंगिंग ब्रिज रोजमर्रा के आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को प्रतिदिन शहर आने-जाने के लिए अब हर चक्कर पर 85 रुपए टोल चुकाना पड़ेगा। इससे आमजन के मासिक बजट पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि नियमित आवागमन करने वालों के लिए 200 ट्रिप की वार्षिक सीमा भी पर्याप्त नहीं है। सरकार का दायित्व जनता को सुविधाएं और राहत देना है, न कि रोजमर्रा की जरूरतों को महंगा बनाना। उन्होंने मांग की कि कोटा-बूंदी क्षेत्र के स्थानीय पंजीकृत वाहनों के लिए तत्काल निशुल्क टोल सुविधा बहाल की जाए, ताकि हजारों परिवारों को आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता का रास्ता आसान बनाइए, महंगा नहीं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)