आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

19 नवंबर 2026

रेल कर्मचारियों की समस्याओं पर मजदूर संघ मुखर, महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

 

रेल कर्मचारियों की समस्याओं पर मजदूर संघ मुखर, महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन
अनुकंपा नियुक्ति, रिक्त पदों पर भर्ती और चिकित्सा सुविधाओं में सुधार सहित कई मांगें उठाईं
डिजिटल भास्कर पत्रिका न्यूज़
के डी अब्बासी
कोटा। वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ ने रेल कर्मचारियों की विभिन्न लंबित एवं ज्वलंत समस्याओं को लेकर पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संघ ने कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक कोटा मंडल के कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का रेलवे बोर्ड के आदेश आरबीई 78/2006 के अनुसार निस्तारण करने, रिक्त पदों पर भर्ती करने तथा जीडीसीई कोटे की रिक्तियों के लिए शीघ्र अधिसूचना जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
संघ ने कहा कि नई रेल परियोजनाओं, नए रेलखंडों और ट्रेनों के संचालन के बावजूद आवश्यक पदों का सृजन एवं भर्ती नहीं होने से मौजूदा कर्मचारियों पर कार्यभार बढ़ रहा है। इससे रेल संरक्षा के साथ कर्मचारियों का पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
इसके अलावा सेवानिवृत्ति में दो वर्ष से कम समय शेष रहने वाले कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक, आवधिक स्थानांतरण नीति की पालना, सिग्नल विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने, इंजीनियरिंग विभाग में एसएसई (कार्य) के अतिरिक्त पद उपलब्ध कराने तथा मुख्य लोको निरीक्षकों के लंबित वेतन संबंधी प्रकरणों का निस्तारण करने की मांग की गई।
ज्ञापन में टिकट चेकिंग स्टाफ को नई एवं नियमित ट्रेनों में उचित अवसर देने, टीओडी ट्रेनों की वर्किंग पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और कोटा कारखाने के रिसीविंग सब स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को भी इंसेंटिव देने का मुद्दा उठाया गया।
संघ ने कोटा में एमडीटीआई का विस्तार, मंडल रेल चिकित्सालय की ओपीडी में कंप्यूटर एवं फर्नीचर की बेहतर व्यवस्था तथा दुर्घटनाओं में हड्डी टूटने वाले कर्मचारियों को अन्य स्थानों और अनुबंधित अस्पतालों में उपचार के लिए आसानी से रेफरल अनुमति देने की मांग भी रखी।
महामंत्री अशोक शर्मा ने महाप्रबंधक से सभी मांगों पर शीघ्र उचित कार्रवाई का आग्रह किया। इस पर महाप्रबंधक ने संघ को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...