कोटा में भीषण अग्निकांड: मधु डेयरी में जिंदा जल गया 18 वर्षीय लेखराज, सिलेंडर में आग के बाद मची अफरा-तफरी
चाय की दुकान में महज 10 मिनट में सब कुछ जलकर राख, भदाना निवासी गरीब परिवार के युवक की दर्दनाक मौत
के. डी. अब्बासी
कोटा। शहर के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में श्रीराम मंदिर रोड स्थित मधु डेयरी नाम की चाय की दुकान में शनिवार शाम करीब 6:46 बजे भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि महज 10 मिनट में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दुकान पर काम करने वाले भदाना निवासी करीब 18 वर्षीय युवक लेखराज केवट की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। सूचना पर भीमगंजमंडी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू करवाया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे लेखराज को एंबुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई।
गैस की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने किया था आगाह
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, हादसे से करीब 10 मिनट पहले गैस की तेज आवाज सुनाई दी थी। पड़ोसियों ने चाय की दुकान संचालक को गैस की जांच करने के लिए भी कहा था। बताया जा रहा है कि उस समय गैस सिलेंडर की पाइपलाइन का लॉक हट गया था। इसके बाद चाय बनाना शुरू किया गया और अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर मौजूद युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
एक युवक बाहर निकला, दूसरा आग में फंस गया
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुकान पर दो युवक काम करते थे। आग लगने के दौरान एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि लेखराज दुकान के अंदर ही फंस गया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि अंदर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
24 घंटे खुली रहती थी दुकान
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि मधु डेयरी नाम से संचालित चाय की दुकान 24 घंटे खुली रहती थी। घटना के बाद दुकान मालिक विनोद अग्रवाल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उससे हादसे के संबंध में पूछताछ की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और गैस सिलेंडर से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)