आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

23 नवंबर 2026

शादी सीजन में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा टीम का शिकंजा, बाइक से ले जा रहे 100 किलो संदिग्ध पनीर को कराया नष्ट गुमानपुरा में ड्रम में भरकर बेचने ले जाया जा रहा था

शादी सीजन में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा टीम का शिकंजा, बाइक से ले जा रहे 100 किलो संदिग्ध पनीर को कराया नष्ट
गुमानपुरा में ड्रम में भरकर बेचने ले जाया जा रहा था
डिजिटल भास्कर पत्रिका न्यूज़
के डी अब्बासी
कोटा, 19 नवंबर। शादियों के सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती खपत के बीच मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को गुमानपुरा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने मोटरसाइकिल पर नीले ड्रम में भरकर बेचने ले जाए जा रहे करीब 100 किलो संदिग्ध पनीर को रुकवाकर उसका नमूना लिया और शेष पनीर को नष्ट करवाया।
मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने गुमानपुरा में औचक कार्रवाई की। जांच के दौरान पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध नजर आई। पनीर के मालिक ने भी उसमें फैट कम होने की बात स्वीकार की। इसके बाद टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पनीर को बाजार में बिकने से पहले ही नष्ट करवा दिया।
इसके अलावा टीम ने गुमानपुरा स्थित नारायण स्वीट्स सहित एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजभोग, नमकीन, सोनपापड़ी और गुलाब जामुन सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। बीकाजी ब्रांड के चार नमूने भी जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला कोटा भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब मिली। कई जगह फूड लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं था। फूड हैंडलर्स हेयर कैप पहने हुए नहीं मिले तथा मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए तथा लापरवाही बरतने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर ने बताया कि शादियों और त्योहारी सीजन को देखते हुए दूध, मावा, पनीर, मिठाई, तेल और मसालों की विशेष निगरानी की जा रही है। दूसरे राज्यों से बसों और ट्रेनों के जरिए आने वाली खाद्य सामग्री पर भी नजर रखी जा रही है।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, मोजीलाल कुंभकार सहित दीपक यादव, खुशी सिंह, दिव्या संत और रोहित गुप्ता शामिल रहे।
 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...