कोटा ग्रामीण पुलिस का सोशल मीडिया पर डिजिटल प्रहार! अपराधियों के महिमामंडन और हथियारों का प्रदर्शन करने वाले 27 अकाउंट डिलीट, 35 खाताधारकों पर शिकंजा
कोटा ग्रामीण पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन करने, हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित कर डिजिटल प्रहार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का महिमामंडन करने और हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने वालों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। इसी अभियान के तहत जिले में कुल 90 सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए गए।
कार्रवाई के दौरान 27 सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट करवाए गए, जबकि 35 अन्य अकाउंट से असामाजिक पोस्ट हटवाई गईं। इसके अलावा 35 खाताधारकों को धारा 126 और 170 BNSS के तहत पाबंद कराने की कार्रवाई की गई है। शेष चिन्हित अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में कई हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी भी आए हैं। इनमें सांगोद का आदिल मिर्जा, जिसके खिलाफ 34 मुकदमे दर्ज हैं। देवलीमांझी का इमरान पठान, जिसके खिलाफ 20 मुकदमे दर्ज हैं। अजाउद्दीन उर्फ काजू पर 18, रामगंजमंडी के इमरान उर्फ आशु पाया पर 17 और सुरेंद्र मीणा उर्फ सूर्या भौंरा पर 16 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा भाविक चावड़ा, अब्दुल लईक उर्फ अन्ना टाइगर, राहिल मेव, शरणजीत सिंह, अभिषेक मीणा और सईद भाया सहित अन्य लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट भी पुलिस की निगरानी में आए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कल्याण मीणा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। कोटा ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अपराधियों का महिमामंडन करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)