पुलिसकर्मियों के 1 करोड़ से ज्यादा रुपए में हेरफेर, ASI बर्खास्त, मेस में बर्तन से कपड़ों तक का था चार्ज, सीआई समेत दो की भूमिका पर उठे सवाल
कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने पुलिसकर्मियों के 1 करोड़ से ज्यादा रुपए में हेरफेर करने वाले एएसआई रूपराम मीणा को बर्खास्त कर दिया। साथ ही सीआई समेत दो पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पांच महीने चली जांच के बाद 11 बिंदुओं की जांच में हुए खुलासे में एएसआई रूपराम मीणा को सीसीए रूल19 (2) के तहत 27 नवंबर (शुक्रवार) को सेवा से बर्खास्त कर दिया। मामले में एसपी ने नयापुरा थाने में मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं। एफआईआर की जांच डीएसपी एसटी-एससी सेल अमर सिंह करेंगे। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- गोपनीय परिवाद के जरिए मेस के रिकॉर्ड में अनियमितता और पुलिसकर्मियों की सिक्योरिटी राशि में गड़बड़ी की शिकायत सामने आई थी। रूपराम मीणा लंबे समय तक पुलिस लाइन में मेस कैशियर के रूप में तैनात रहे। इस दौरान मेस का रिकॉर्ड मेंटेन नहीं किया गया। पुलिसकर्मियों की सिक्योरिटी राशि मेस में जमा होती थी, लेकिन उसके हिसाब में हेरफेर की। मामले की जांच एडिशनल एसपी मुख्यालय चंचल मिश्रा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान इस पद पर रहे एडिशनल एसपी के बयान लिए गए और संबंधित डॉक्यूमेंट और सबूत जुटाए गए। प्रारंभिक जांच के आधार पर रूपराम मीणा को निलंबित किया गया था। जांच के दौरान रूपराम को अपना पक्ष रखने और सबूत पेश करने के कई मौके दिए गए, लेकिन वे आरोपों के संबंध में कोई सबूत नहीं दे पाए। साथ ही पुलिस लाइन के पूर्व रिजर्व इंस्पेक्टर राम सिंह मीणा और एलओ दुर्गा की भूमिका भी संदिग्ध मिली। बैंक से रिकॉर्ड लिया गया, जिसमें ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में आपस में लेन-देन मिला है। एडिशनल एसपी चंचल मिश्रा ने 11 बिंदुओं पर जांच पूरी कर नवंबर के पहले सप्ताह में रिपोर्ट सिटी एसपी को सौंपी थी। जांच में मेस का रिकॉर्ड मेंटेन नहीं करना, बिना रिकॉर्ड के एनओसी जारी करना, जमा रकम का सही मूल्यांकन नहीं करना और पैसों की एंट्री नहीं करने जैसी गड़बड़ी सामने आई थीं। सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फर्जी हस्ताक्षर कर एफडी तुड़वाने के आरोप भी सामने आए हैं। पिछले 8 से 10 साल में पुलिस लाइन की मेस और संबंधित शाखाओं का निरीक्षण नहीं होने की बात सामने आई थी। तत्कालीन रिटायर्ड एडिशनल एसपी संजय शर्मा ने इस गड़बड़ी को पकड़ा था, लेकिन उनके रिटायर होने से पहले मामले में बड़ी कार्रवाई नहीं हो सकी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)