बजट से आम आदमी को निराशा, सिर्फ उद्योगपतियों के हित साध रही सरकार: शांति धारीवाल
कोटा उत्तर विधायक ने बजट को बताया जुमलों का पुलिंदा, पिछली घोषणाओं पर भी उठाए सवाल
कोटा 01 फरवरी
बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री एवं कोटा उत्तर विधायक शांति धारीवाल ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह बजट आम आदमी के लिए पूरी तरह निराशाजनक है और देश की जनता को इससे कोई राहत नहीं मिली है। धारीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार का यह बजट आम नागरिकों की जरूरतों से कटे हुए फैसलों का दस्तावेज है। धारीवाल ने कहा कि मौजूदा सरकार केवल उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है, जिसका देश की आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि आम आदमी को राहत देने के बजाय सरकार ने एक बार फिर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियों को प्राथमिकता दी है।
पूर्व मंत्री ने पिछली बजट घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले किए गए वादे आज तक धरातल पर नहीं उतर सके हैं। घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं और जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है।
शांति धारीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि बजट जैसे अति संवेदनशील विषय पर भी सरकार जुमलेबाजी कर रही है। आंकड़ों और बड़े-बड़े दावों के जरिए वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सब समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)