*50 रेस्टोरेंट और ढाबों को निगम का नोटिस*
-नहीं मिले अग्निसुरक्षा के उपाय
कोटा। नगर निगम के अग्निशमन अनुभाग ने मंगलवार को सघन अभियान चलाकर शहर में विभिन्न स्थानों पर रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच की। अग्निसुरक्षा उपाय नहीं मिलने पर 50 रेस्टोरेंट और ढाबों को नोटिस जारी किया गया है।
आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि निगम के अभियंताओं की टीम एक ओर शहर में जीर्ण-क्षीर्ण भवनों और निर्माणाधीन भवनों की जांच कर रही है, वहीं दूसरी और अग्निशमन अनुभाग को रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच में लगाया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास की नेतृत्व में छह अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को तलवंडी, विज्ञान नगर, रानपुर, दादाबाड़ी, नया कोटा, स्टेशन, छावनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रेस्टारेेंट और ढाबों पर अग्निसुरक्षा उपायों की जांच की।
मेहरा ने बताया कि जांच के बाद करीब 50 रेस्टोरेंट और ढाबों को अग्निशमन सुरक्षा उपायों के अभाव में नोटिस जारी किया गया है। इनके संचालकों को पाबंद किया गया है कि जल्द से जल्द नियमानुसार अग्निसुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित करें, अन्यथा निगम की ओर से सीजिंग की कार्यवाही की जाएगी।
---
*इंद्र विहार में 90 प्रतिशत अतिक्रमण साफ*
उधर, निगम की अतिक्रमण निरोधक दस्ते की कार्यवाही के बाद इंद्र विहार क्षेत्र में करीब 90 प्रतिशत अतिक्रमण साफ हो गया है। आयुक्त मेहरा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त इमारत के पास पूरी सड़क पर दुकानदारों ने टीनशेड लगाकर 15 से 20 फीट तक अतिक्रमण कर रखा था। निगम की टीम ने रविवार को उन्हें 24 घंटे में अपने टीनशेड हटाने की चेतावनी दी थी। कुछ लोगों ने तो अपने अतिक्रमण हटाए, लेकिन सोमवार को बड़ी संख्या में टीनशेड बरकरार थे। ऐसे में निगम के दस्ते ने उन्हें तोड़ने की कार्यवाही शुरू कर दी। यह देखते ही वह दुकानदार बैकफुट पर आ गए और मंगलवार तक समय देने का आग्रह किया। इसके बाद करीब 90 प्रतिशत दुकानदारों ने अपने टीनशेड हटा लिए हैं। बचे हुए अतिक्रमण भी बुधवार तक हट जाने की संभावना है। अतिक्रमण हटने के बाद अब यह क्षेत्र पहले से अधिक खुला-खुला नजर आ रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)