आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

26 अक्तूबर 2015

पाक से लौटी गीता मोदी से मिली, PM ने कहा- ईधी फाउंडेशन को देंगे 1 करोड़


नई दिल्ली. भटककर पाकिस्तान पहुंची और बोलने-सुनने में लाचार भारतीय लड़की गीता की वतन वापसी की मुहिम सोमवार को पूरी हो गई। गीता सुबह 10.40 बजे दिल्ली पहुंच गई। उसके साथ कराची से ईधी फाउंडेशन के पांच लोग भी भारत आए हैं। गीता 15 साल पहले पाकिस्तान चली गई थी। सोमवार शाम को गीता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मोदी ने कहा कि ईधी फाउंडेशन ने बेशकीमती काम किया है। हम उन्हें 1 करोड़ रुपए का डोनेशन देंगे। शाम को मोदी ने पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ को फोन कर गीता की भारत वापसी के लिए उन्हें शुक्रिया अदा किया। इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गीता के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों के चार लोगों ने गीता को अपनी बेटी बताया है। उसने बिहार के सहरसा से आए लोगों को माता-पिता के रूप में पहचानने से इनकार कर दिया है। लिहाजा, अभी उसे इंदौर के एक सेंटर में भेजा जाएगा।
सुषमा ने क्या कहा?
गीता के भारत लौटने पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, “मैं हिंदुस्तान की जमीन पर हिंदुस्तान की बेटी का स्वागत करती हूं। हमारे लिए यह यादगार दिन है कि गीता भारत लौट आई है। मैं बिल्किस ईधी का शुक्रिया अदा करती हूं कि उन्होंने कराची में गीता की केयर की। हमने ये फैसला कर लिया था कि भले ही गीता के पेरेंट्स का पता नहीं लग पाए, लेकिन हम उसे अपने देश वापस जरूर लाएंगे। अलग-अलग राज्यों के चार लोगों ने गीता को अपनी बेटी बताया है। हम इसकी जांच करेंगे।”
कहां रहेगी गीता?
स्वराज ने कहा, “जब तक गीता के असली पेरेंट्स का पता नहीं लगाया जाता, तब तक हम उसे इंदौर के स्पेशल इंस्टीट्यूट में रखेंगे। गीता भी अब तक अपने पेरेंट्स को नहीं पहचान पाई है। हम डीएनए टेस्ट कराएंगे। गीता ने कहा कि बिहार की महतो फैमिली उसका परिवार नहीं है।
ईधी फाउंडेशन के लोग जहां जाने चाहेंगे, हम उन्हें वहां ले जाएंगे
स्वराज ने कहा, “ईधी फाउंडेशन के लोग हमारे स्टेट गेस्ट हैं। हम उन्हें अजमेर शरीफ और निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर ले जाएंगे। इसके अलावा वे जहां भी जाना चाहेंगे, हम उन्हें वहां ले जाएंगे।” सुषमा ने कहा कि हमारी सरकार 2014 में आई। हमने कोशिश की और उसे अपने वतन वापस ले आए। उन्होंने कहा कि अगर डीएनए टेस्ट में यह साबित हो जाता है कि सहरसा का महतो परिवार ही गीता का असली परिवार है, तो हम गीता को समझाएंगे कि उसका असली परिवार यही है।’’
कैसे पता चला कि गीता हिंदू है?
ईधी फाउंडेशन की बिल्किस ने कहा, "पहले कुछ लोगों ने कहा कि इस लड़की का नाम फातिमा है। शुरू में वह गुमसुम रहती थी। वह हाथ जोड़ती और पैर पड़ती थी। तब हमें समझ आया कि यह हिंदू लड़की है और पड़ोस के मुल्क की है। हमने उसे हनुमान और कृष्ण की मूर्तियां दी, घंटी दी। और तब यह तय हो गया कि वह हिंदू है। उसने कभी नॉनवेज नहीं खाया। वह अंडा तक नहीं खाती थी। जितने वक्त वह पाकिस्तान में रही, वह अपना खाना खुद बनाती थी।"
कौन है गीता?
> गीता 15 साल से पाकिस्तान में है। गलती से बॉर्डर पार करने के बाद उसे पाकिस्तान के पंजाब में रेंजर्स ने पकड़ा था। वह समझौता एक्सप्रेस में बैठकर गलती से पाकिस्तान पहुंच गई थी।
> रेंजर्स 15 साल पहले उसे लाहौर के ईधी फाउंडेशन में ले गए थे। बाद में कराची में इसी संगठन के एक शेल्टर होम में उसे भेज दिया गया।
> कराची में ‘मदर ऑफ पाकिस्तान' के नाम से मशहूर बिल्किस ईधी ने इस लड़की का नाम गीता रखा।
WHAT NEXT : गीता का होगा डीएनए टेस्ट
सहरसा के जनार्दन महतो के अलावा तीन और परिवार गीता को अपनी बेटी बता रहे हैं। गीता बोल-सुन नहीं पाती। इसलिए वह अपनी बात ठीक से कह नहीं पा रही है। लिहाजा, विदेश मंत्रालय ने डीएनए टेस्ट का फैसला किया है, ताकि गीता के असली माता-पिता की पहचान हो सके।
सुबह से दोपहर तक क्या हुआ?
1:30 PM : गीता से मिलीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज।
1:00 PM : एम्स के डॉक्टरों की एक टीम गीता का डीएनए सैंपल लेने पहुंची।
11:30 AM : गीता एयरपोर्ट से बाहर आई। वहां से दिल्ली के पार्क होटल के लिए रवाना।
11:25 AM : पाकिस्तानी दूतावास के मीडिया हेड मंजूर मेमन ने कहा- उम्मीद है कि भारत अब इस देश में बंद पाकिस्तान के 400 से ज्यादा कैदियों को भी रिहा कर देगा।
11:15 AM : पाकिस्तानी दूतावास के अफसरों ने बताया कि पाकिस्तानी हाई कमिश्नर अब्दुल बासित शाम को गीता को मुलाकात के लिए बुला सकते हैं।
10:50 AM : गीता दिल्ली पहुंची।
10:30 AM : @SushilModi15 ने ट्वीट कर कहा- साल पहले समझौता एक्सप्रेस से सफर के दौरान भटक कर पाकिस्तान पहुंची बिहार की मूक-बधिर बेटी गीता केंद्र सरकार के प्रयास से आज सकुशल भारत लौट रही है। क्या नीतीश कुमार इसके लिए प्रधानमंत्री को बधाई नहीं देंगे?
10:00 AM : गीता को रिसीव करने विदेश मंत्रालय के अफसर भी दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद।
9:45 AM : शाम को पीएम मोदी से मिलने जा सकती है गीता।
9:30 AM : गीता के साथ दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज।
8:20 AM : गीता कराची से रवाना।
कैसे सामने आया गीता का मामला?
> भारत में गीता के वकील मोमिन मलिक ने dainikbhaskar.com को बताया- 18 फरवरी, 2007 को पानीपत में समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट हुआ था। जो लोग उसमें मरे थे, उनके मुआवजे का केस लड़ा था। पाकिस्तान के ऐसे कई लोग थे जो इस हादसे का शिकार हुए थे। इसलिए मुझे पाकिस्तान जाना पड़ता था। मेरे पास 2009 से मल्टीपल वीजा है। इसी दौरान मुझे गीता के बारे में पता चला।
> वकील ने कहा- पाकिस्तान के सोशल एक्टिविस्ट अंसार बर्नी ने बताया कि एक भारतीय बच्ची यहां के एक फाउंडेशन में है, जो बोल नहीं सकती। इसके बाद 22 अक्टूबर, 2012 को अंसार बर्नी के भारत आने पर हमने ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उसी दिन गीता का मामला पहली बार उठा था। इस दौरान पंजाब के सोशल एक्टिविस्ट एचएस पवार भी मौजूद थे।
> मलिक ने कहा- फिर हमने हमने एलान किया था कि जो आदमी गीता के बारे में बताएगा, उसे एक लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके बाद मैंने पाकिस्तान हाई कमीशन को गीता के मामले को लेकर एक लेटर भेजा था।
> 7 जनवरी, 2015 को हाई कमीशन से मिला और सोशल साइट पर गीता की स्टोरी डाल दी। फिल्म 'बजरंगी भाईजान' रिलीज होने के बाद पांच परिवारों ने संपर्क किया।
इससे पहले क्या हुआ?
> गीता के पाकिस्तान में होने की खबर उस वक्त आई थी, जब इस साल जुलाई में बॉलीवुड फिल्म 'बजरंगी भाईजान' रिलीज हुई थी। इस फिल्म में एक्टर सलमान खान एक ऐसी ही बच्ची को पाकिस्तान छोड़ कर आते हैं। मीडिया में इस बात को लेकर चर्चा चली थी कि क्या गीता को भी बजरंगी भाईजान मिलेगा?
> मीडिया में गीता की खबर आने के बाद भारत सरकार ने इसका नोटिस लिया था। विदेश मंत्रालय के आदेश पर इस्लामाबाद में इंडियन हाई कमीशन के अफसर गीता से मिलने कराची गए थे।
> विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने यह मामला अपने हाथ में लिया था। उन्होंने गीता की वापसी कराने को लेकर कई ट्वीट किए थे। @AnsarBurney ने ट्वीट किया था, ‘‘@SushmaSwaraj भारत से पाकिस्तान में आई एक भारतीय लड़की की फैमिली को खोजने में मदद करें।'' इसी ट्वीट के जवाब में सुषमा ने कहा था- ‘‘@AnsarBurney मैंने पाकिस्तान में इंडियन हाई कमिश्नर डॉ. टीसीए राघवन से बात की है। उन्हें कराची जाने के लिए कहा है, जहां वे उस लड़की से मिलेंगे।''

> 'बजरंगी भाईजान' के एक्टर सलमान खान ने भी गीता को भारत लाने की बात की थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि हम गीता को तभी भारत लाएं, जब उसे यहां बेहतर जिंदगी दे पाएं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...