आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

13 अगस्त 2015

राधे मां पर दोहरी मुसीबत: महंत ने लगाया नया आरोप, कोर्ट ने नहीं दी बेल

फाइल फोटो- विवादित राधे मां (दाएं) और उनके गुरु भाई होने का दावा करने वाले महंत श्याम सुंदर दास (बाएं)
फाइल फोटो- विवादित राधे मां (दाएं) और उनके गुरु भाई होने का दावा करने वाले महंत श्याम सुंदर दास (बाएं)
मुंबई. खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे मां की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई की सेशंस कोर्ट ने उन्‍हें एंटीसिपेटरी बेल (अग्रिम जमानत) देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद शुक्रवार को मुंबई पुलिस उनसे पूछताछ कर सकती है। वहीं, एक महंत ने अपने गुरु की मौत के लिए राधे मां को जिम्मेदार बताया है। महंत ने कहा है कि उन्हें राधे मां से जान का खतरा है।
क्या है मामला?
मुंबई की एक वकील फाल्‍गुनी ब्रह्मभट्ट ने बॉम्‍बे हाईकोर्ट में अर्जी देकर मांग की है कि राधे मां के खिलाफ एफआईआर करने की इजाजत दी जाए। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस राधे मां के खिलाफ एक्‍शन नहीं ले रही है। इसी के मद्देनजर राधे मां सेशंस कोर्ट में एंटीसिपेटरी बेल के लिए गई थीं। राधे मां की स्कर्ट पहनी तस्वीरें सामने आने के बाद वकील फाल्गुनी ने उनके खिलाफ अश्लीलता फैलाने का केस दर्ज कराया था।
शुक्रवार को पूछताछ
मुंबई पुलिस शुक्रवार को राधे मां से पूछताछ भी करने वाली है। यह पूछताछ एक महिला की शिकायत पर होगी। महिला का आरोप है कि राधे मां के उकसाने पर उसे ससुराल वाले उसे दहेज के लिए टॉर्चर कर रहे हैं।
महंत ने किया नया दावा
हिमाचल प्रदेश के एक महंत ने दावा किया है कि राधे मां का असली नाम 'बबू देवा' है। उन्होंने राधे मां को अपने गुरु की मौत का जिम्मेदार बताया है। महंत श्याम सुंदर दास खुद को राधे मां का 'गुरु भाई' बता रहे हैं। उन्होंने कहा, ''मुझे राधे मां उर्फ बबू देवा से जान का खतरा है, अगर वे राधे हैं तो मैं श्याम हूं। उसकी असलियत जगजाहिर करके ही रहूंगा।''
महंत ने कहा- संपत्ति की भूखी है राधे मां
महंत दास का दावा है कि राधे मां ने गुरुजी के आश्रम की मुखिया बनने का सपना पाल लिया था। वे आश्रम की प्रॉपर्टी हड़पना चाहती हैं। गुरुजी ने उन्हें कुछ शक्तियां प्रदान की थीं, लेकिन जब उन्हें पता चला कि बबू देवा आश्रम की संपत्ति हड़पना चाहती हैं तो उन्होंने सभी शक्तियां वापस ले लीं। अब राधे मां सिर्फ शक्तियां होने का ढोंग कर रही हैं।
मानसिक रूप से बीमार थी राधे मां?
कांगड़ा-चंबा जिले की सीमा पर बने हटली के श्रीराम मंदिर के महंत दास ने कहा कि राधे मां उनके गुरु रामाधीन दास परमहंस के मुकेरियां स्थित आश्रम में आई थी। तब उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। गुरुजी ने उन्हें आश्रम में पनाह दी और इलाज भी कराया, लेकिन बबू देवा गुरुजी की मौत का कारण बन गई। महंत का दावा है कि राधे मां गुरुजी को इलाज के लिए ऑस्ट्रेलिया लेकर गईं और जब दोनों भारत लौटे तो उनके गुरुजी काफी कमजोर हो चुके थे। राधे मां ने गुरुजी का इलाज करवाने के नाम पर हत्या की साजिश रची थी।
कौन हैं राधे मां?
राधे मां पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक सिख परिवार में जन्मी थीं। उनकी शादी पंजाब के ही रहने वाले बिजनेसमैन सरदार मोहन सिंह से हुई। शादी के बाद एक महंत से राधे मां की मुलाक़ात हुई। इसके बाद ही उन्होंने अध्यात्मिक जीवन अपना लिया। कुछ समय बाद वे मुंबई आ गईं और राधे मां के नाम से मशहूर हो गईं। राधे मां खुद को देवी का अवतार मानती हैं।
राधे मां पर क्या हैं आरोप?
1. राधे मां पर एक महिला को उसके पति और ससुरालवालों से दहेज के लिए प्रताड़ित करवाने का आरोप लगाया था। मुंबई की बोरीवली पुलिस इस मामले में राधे मां समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है। केस दर्ज कराने वाली महिला का आरोप है कि शादी के वक्त उसके पेरेंट्स ने करोड़ों रुपए की ज्वैलरी दी थी। लेकिन राधे मां ने उसके सास-ससुर से कहा कि वह उस पर और दहेज लाने का दबाव डाले। इसके बाद उसे प्रताड़ित किया गया। मुंबई पुलिस अब राधे मां के नाम समन जारी कर चुकी है।
2. राधे मां की स्कर्ट पहनी तस्वीरें सामने आने के बाद मुंबई की एक वकील फाल्गुनी ब्रह्मभट‌्ट ने एक और केस दर्ज कराया था। वकील ने अपनी शिकायत में कहा था कि राधे मां धर्म के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रही हैं। वे अश्लीलता भी फैला रही हैं।
3. मुंबई के कांदीवली पुलिस स्टेशन में एक और शिकायत आई है। राधे मां और उनके सहयोगियों पर गुजरात के कच्छ के सात किसानों के परिवार से 1.5 करोड़ रुपए लेने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, जब परिवार को यह पता चला कि उन्हें पैसे वापस नहीं मिलने वाले तो चार सदस्यों ने सुसाइड कर लिया। शिकायत धर्मरक्षक महामंच के प्रेसिडेंट रमेश जोशी ने की है।
राधे मां को लेकर और क्या हुए हैं दावे?
1. खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे मां के एक करीबी रिश्‍तेदार जगतार सिंह ने उन पर मर्डर में शामिल होने का आरोप लगाया है। जगतार राधे मां की भाभी बलविंदर कौर के भाई हैं। बलविंदर की साल 2002 में संदिग्‍ध हालत में मौत हो गई थी। इस मामले में राधे मां के दो भाइयों और पिता को 2004 में सेशंस कोर्ट ने दस-दस साल की सजा सुनाई थी। हालांकि, पुलिस ने भी इस केस में राधे मां को आरोपी नहीं बनाया था।
2. एक्ट्रेस डॉली बिंद्रा को फ़ोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बारे में डॉली ने मुंबई के मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने राधे मां से अपनी फैमिली को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। कभी राधे मां की भक्त रही डॉली के मुताबिक, उन्हें बीते कुछ दिनों से अननोन नंबर से धमकी भरे फ़ोन और मैसेज आ रहे हैं।
3. हिमाचल के कांगड़ा-चंबा जिले की सीमा पर बने हटली के श्रीराम मंदिर के महंत दास का दावा है कि राधे मां का असली नाम 'बबू देवा' है। उन्होंने राधे मां को अपने गुरु रामाधीन दास परमहंस की मौत का जिम्मेदार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राधे मां उनके गुरु के आश्रम की प्रॉपर्टी हड़पना चाहती हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...