आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

10 सितंबर 2013

मोदी ने सोनिया और कांग्रेस को कोसा, वसुंधरा की तारीफ के पुल बांधे



जयपुर। सुबह से ही जयपुर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के रंग में रंगा रहा। अमरूदों के बाग में मंगलवार को भाजपा का 'सुराज संकल्प सम्मेलन' का समापन कार्यक्रम वसुंधरा राजे के भाषण से शुरू हुआ। उसके बाद नरेंद्र मोदी ने राजस्थान में चुनाव अभियान का शंखनाद किया।
मंच पर आते ही मोदी ने भारत माता के जयकारे लगाए। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जहर पी-पीकर सत्ता पर राज कर रही है। कांग्रेस के रहते भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हो सकता। इसे खत्म करने का तरीका कांग्रेस की शुद्धि करना है।
उन्होंने कहा कि हवा का रूख बदल रहा है। राजस्थान की धरती पर परिवर्तन की आंधी आएगी। यहां दिख रही भीड़ को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है। बहन वसुंधरा ने सुराज संकल्प यात्रा के जरिए तपस्या की है। हजारों किलोमीटर की यात्रा कर जनता जनार्दन की पीड़ा सुनी है। इनको यात्रा का पुण्य मिलेगा। राजस्थान में परिवर्तन की आंधी आएगी। प्रवासी राजस्थानियों में भी इस यात्रा का क्रेज रहा है।
मोदी ने कहा कि जयपुर राजघराने की दीया कुमारी और ओलम्पिक पदक विजेता राज्यवर्द्धन सिंह का भाजपा में स्वागत है। जो भी भाजपा में आता है वे परिवार के सदस्य बनते हैं। आपसी रिश्ता जुड़ता है। मोदी ने दोनों का राजस्थान की धरती से स्वागत किया। उन्होंने गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में जहर के गीत गाने की परम्परा है, इसलिए गहलोत भी जहर पीने की बात करते हैं।

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जी-20 समिट से लौटने के बाद मनमोहन सिंह ने समिट में देश के पक्ष को रखने वाला कोई बयान नहीं दिया। पूरा देश उम्मीद कर रहा था कि उन्होंने देश के हित की वहां कई बातें की होंगी। लेकिन लौटने पर जो बयान उन्होंने दिया वह निराशाजनक था।

गत 10 वर्षो में केन्द्र की कांग्रेस सरकार जवाबदेही नहीं रही। कोई देश के लिए जवाब नहीं देता। कांग्रेस के कारनामे ऎसे हैं कि आने वाले समय में देश का बच्चा रोएगा और पढ़ेगा कि ए का मतलब आदर्श घोटाला, सी का मतलब होता है कोयला घोटाला...। उन्होंने कहा कि बच्चे नई एबीसीडी सीखेंगे। आजादी के बाद की कांग्रेस एक ही परिवार तक सीमित रह गई। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचारियों को तरक्की मिलती है। भाजपा इस देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कर सकती है।

मोदी ने कहा कि देश में रुपये की ताकत सबसे ज्यादा मारवाड़ी और गुजराती जानते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार के राज में रुपया अस्पताल में पड़ा है। कांग्रेस के पास एक ही विकल्प बचा है कि गिरती हुई सरकार को बचाए या रूपये को। कांग्रेस को अपनी इज्जत बचाने की चिंता ज्यादा है। कांग्रेस के पास नेता, नैतिकता, नीति, नीयत नहीं है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में 40 फीसदी युवा है। युवाओं में भाजपा के लिए बहुत उत्साह है। ऎसे में युवाओं से उन्होंने मतदाता सूची में ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। यूथ कांग्रेस के लिए युवा वोटर हैं, लेकिन भाजपा के लिए वे ताकत हैं। युवाओं में 18 साल का होते ही देश का नागरिक बनने यानी मताधिकार का उत्साह होना चाहिए। मोदी ने राजस्थान भाजपा के जोश और उत्साह की सराहना की।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश भाजपा को एकजुट करने के मकसद से आए मोदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का स्वागत किया।
गौरतलब है कि मोदी प्रदेश भाजपा की पांच महीने तक चली सुराज संकल्प यात्रा का समापन करने आए हैं। प्रदेश भाजपा मोदी की इस सभा को राजस्थान सत्ता में वापसी के लिए बूस्टर डोज मान रही है। सभा पर कांग्रेस की भी पूरी नजर है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...