आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

23 जनवरी 2013

राजनाथ के अध्यक्ष बनते ही बदले सियासी समीकरण, संतुलन बनाने में जुटे नेता


जयपुर.नितिन गडकरी के इस्तीफे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर राजनाथ सिंह की ताजपोशी के साथ ही राजस्थान के प्रमुख भाजपा नेता बुधवार को दिल्ली में बदले हुए सियासी समीकरणों के हिसाब से सत्ता संतुलन बनाने में जुटे रहे। 
 
नेता प्रतिपक्ष वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामदास अग्रवाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ललित किशोर चतुर्वेदी, सांसद अर्जुन मेघवाल, किरण माहेश्वरी, पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी, भवानी सिंह राजावत आदि ने दिल्ली में नए अध्यक्ष से मुलाकात कर बधाई दी। वसुंधरा राजे बुधवार सवेरे निवर्तमान अध्यक्ष नितिन गडकरी के घर जाकर मिली। शाम होते-होते गडकरी के यहां प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी भी मिलकर आए। 
 
भाजपा के नए अध्यक्ष और सीएम प्रोजेक्ट करने का फैसला राजनाथ सिंह संभवतया अगले सप्ताह तक कर देंगे। राजनाथ सिंह के अध्यक्ष बनने पर बुधवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में शहर अध्यक्ष शैलेंद्र भार्गव, पार्टी के प्रवक्ता सुनील भार्गव और युवा मोर्चा के हेमंत लांबा, जोगेंद्र सांवरदा आदि समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। मिठाइयां बांटी और पटाखे छोड़कर खुशियां मनाई।
 
राजनाथ के अध्यक्ष बनने का प्रदेश में सियासी असर 
 
भाजपा संगठन और संघ से जुड़े नेता मजबूत होंगे। प्रदेश अध्यक्ष संघनिष्ठ खेमे से बनाए जाने के आसार बढ़ गए हैं। वसुंधरा राजे को सीएम प्रोजेक्ट किया जा सकता है। इसका फैसला अगले सप्ताह तक हो सकता है। 
 
गडकरी के आवास पर मंत्रणा 
 
वसुंधरा राजे दिल्ली में नितिन गडकरी से घर जाकर मिली। तब राजनाथ सिंह भी वहीं थे। वहां तीनों के बीच लंबी मंत्रणा हुई। इसके बाद वसुंधरा राजे राजनाथ सिंह के पदग्रहण समारोह में शामिल हुई। दोपहर बाद वे जयपुर लौट आई, जबकि रामदास अग्रवाल, घनश्याम तिवाड़ी और अरुण चतुर्वेदी दिल्ली में ही हैं।
 
किरोड़ी आ सकते हैं वापस
 
भाजपा में रहते हुए सांसद किरोड़ी लाल मीणा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह से अच्छे संबंध रहे हैं। राज्य विस के चुनाव होने से पहले किरोड़ीलाल मीणा के पार्टी में वापसी के आसार बढ़ गए हैं। 
 
 
छवि बेदाग है
 
'राजनाथ सिंह की कृषि विशेषज्ञ के रूप में पहचान है। बेदाग छवि है। संगठन का लंबा अनुभव है। सबको साथ लेकर चलते हैं। उनके अध्यक्ष बनने से पार्टी मजबूत होंगी।'  
 
अर्जुन मेघवाल, सांसद बीकानेर
 
उन्होंने ही अध्यक्ष बनाया  
 
'उन्होंने ही मुझे प्रदेश अध्यक्ष बनाया। वे युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब कार्यकारिणी में मुझे लिया था। सीधा संवाद उनकी खासियत है।' 
 
-अरुण चतुर्वेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
 
कड़े फैसले की क्षमता : अग्रवाल
  
'पार्टी हित में कठोर निर्णय लेने की क्षमता है। नेता प्रतिपक्ष से वसुंधरा राजे का इस्तीफा ले लिया था। गलती पर जसवंत सिंह तक को बाहर का रास्ता दिखाने से नहीं हिचके।'  
 
-रामदास अग्रवाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष भाजपा
 
निर्णय लेने में कुशल : ललित  
 
'राजनाथसिंह क्लीन इमेज, गुड एडमिनिस्ट्रेटिव, समन्वयवादी, सहयोगी दल के नेताओं से बेहतर संबंध, कुशल संगठक हैं।'  
 
-ललित किशोर चतुर्वेदी, 
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष
 
महिलाओं के पैरोकार  
 
'वे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रबल पैरोकार है। पार्टी का संविधान संशोधन करके उन्होंने ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करवाया।' 
 
-किरण माहेश्वरी, राष्ट्रीय महासचिव भाजपा
 
सबसे बड़ी पार्टी बनेगी  
 
'एक बड़े किसान नेता के रूप में उनका जनाधार है। वे पार्टी में नई ऊर्जा भरेंगे। जिससे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी विजय का परचम लहराएगी।' 
 
-सुनील भार्गव, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...