वडोदरा। गुजरात पुलिस लोकरक्षक दल के सात नव प्रशिक्षित जवान मंगलवार को गश खाकर गिर पड़े। यह घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे घटी। उस वक्त मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (पीटीएस) के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उमस भरे माहौल में डिहाइड्रेशन के चलते यह घटना हुई। पानी पिलाने के बाद जवानों की हालत ठीक हुई। बेहोश हुए जवानों में एक प्लाटून कमांडर भी शामिल है। पीटीएस-वडोदरा का यह ऐसा पहला दीक्षांत समारोह था जिसमें मुख्यमंत्री पहुंचे हों।
तीसरी बार हुआ ऐसा वाकया :
पासिंग-आउट परेड में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में जवानों के गश खाकर गिरने की हाल के दिनों में यह तीसरी घटना है। इनमें दो महिला जवानों सहित 15 जवान बीमार हो गए। सभी घटनाएं संबोधन के ही दौरान हुईं। पहले दो मामले पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र-कराई-गांधीनगर के हैं। पिछले माह 14 मई को कराई में पासिंग-आउट परेड के दौरान छह जवान बेहोश हो गए थे। 11 जून को कराई में दो जवान गिर पड़े थे।