राजनीतिक द्वेष से प्रहलाद गुंजल को निशाना बना रही भाजपा सरकार, पुलिस कार्रवाई से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास : राखी गौतम
रानपुर पंचायत चुनाव के बयान को तोड़-मरोड़कर मुकदमा दर्ज करना और निवास पर पुलिस भेजकर सात दिन में थाने बुलाना राजनीतिक दबाव बनाने की कार्रवाई : राखी
कोटा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा प्रत्याशी रहे प्रहलाद गुंजल के निवास पर मंगलवार को पुलिस पहुंचने तथा उन्हें नोटिस देकर सात दिवस के भीतर रानपुर थाने में उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए जाने के मामले में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल कर विपक्ष के नेताओं पर दबाव बनाने और उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
राखी गौतम ने कहा कि रानपुर पंचायत चुनाव के दौरान प्रहलाद गुंजल द्वारा दिए गए बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। अब उनके निवास पर पुलिस भेजकर सात दिन के भीतर थाने में उपस्थित होकर जवाब देने का नोटिस दिया जाना राजनीतिक दबाव बनाने की कार्रवाई प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और राजनीतिक विचार व्यक्त करने का अधिकार है। किसी बयान के वास्तविक संदर्भ और तथ्यों की निष्पक्ष जांच किए बिना किसी नेता को निशाना बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रहलाद गुंजल प्रदेश के वरिष्ठ जननेता हैं और लंबे समय से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। राजनीतिक विरोध का जवाब राजनीतिक तरीके से दिया जाना चाहिए, न कि पुलिस कार्रवाई के माध्यम से दबाव बनाकर। यदि किसी बयान को लेकर शिकायत है तो कानून के निर्धारित प्रावधानों के तहत निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेकिन कार्रवाई में राजनीतिक दबाव की आशंका पैदा होना लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।
राखी गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के जरिए दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से की जाने वाली किसी भी कार्रवाई का विरोध करेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्षता के साथ कानून के अनुरूप कार्य करने तथा सरकार से विपक्षी नेताओं को राजनीतिक दबाव में लेने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रहलाद गुंजल के साथ खड़ी है और लोकतांत्रिक अधिकारों, राजनीतिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा निष्पक्ष कानून व्यवस्था के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी ने भी पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के दबाव में विपक्षी नेताओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई किए जाने की आशंका लोकतांत्रिक और स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। राजनीतिक मतभेदों का समाधान संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होना चाहिए, न कि पुलिस प्रशासन के जरिए दबाव बनाकर।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)