आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

03 नवंबर 2026

दीपावली पर कोटा सहकारी उपभोक्ता भंडार की बड़ी सौगात, ब्रांडेड पटाखों पर 60% तक छूट; मिठाई-नमकीन भी रियायती दरों पर

 

दीपावली पर कोटा सहकारी उपभोक्ता भंडार की बड़ी सौगात, ब्रांडेड पटाखों पर 60% तक छूट; मिठाई-नमकीन भी रियायती दरों पर
कोटा। दीपावली के त्योहार पर शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने विशेष इंतजाम किए हैं। भंडार की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री केंद्र और विशेष काउंटर लगाए गए हैं। यहां मिठाइयां, नमकीन, ड्राईफ्रूट्स और ब्रांडेड ग्रीन पटाखों सहित आतिशबाजी की विस्तृत रेंज बाजार से रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। खास बात यह है कि शिवाकाशी के मुर्गाछाप ब्रांड के पटाखों पर एमआरपी से 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। वहीं काजू कतली 900 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है।
भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि शहरवासियों को वर्षों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना भंडार की प्राथमिकता रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी दीपावली पर विशेष बिक्री केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर ग्रीन आतिशबाजी, 75 सेंटीमीटर की फुलझड़ियां, फैंसी पटाखे, कॉक सहित अन्य लोकप्रिय ब्रांड के पटाखों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है।
राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि सहकारिता का वास्तविक अर्थ आमजन के हितों की रक्षा करना और उन्हें बाजार की प्रतिस्पर्धा के बीच उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराना है। दीपावली जैसे बड़े पर्व पर प्रत्येक परिवार की इच्छा होती है कि वह अपने घर के लिए मिठाई, आतिशबाजी और अन्य जरूरी सामान खरीदे, लेकिन बढ़ती कीमतें कई बार त्योहार की खरीदारी को प्रभावित करती हैं। उपभोक्ता भंडार इसी अंतर को पाटने का प्रयास कर रहा है। हमारा संकल्प है कि आम उपभोक्ता को गुणवत्ता और कीमत के बीच समझौता नहीं करना पड़े। सहकारी संस्थाएं केवल बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और हितों की संरक्षक हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब उनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी सोच के साथ इस बार उत्पादों की विविधता बढ़ाने के साथ विशेष रियायती दरों पर बिक्री की व्यवस्था की गई है।
भंडार की ओर से शहर के तीनों सुपरमार्केट महावीर नगर तृतीय, स्टेशन क्षेत्र और सब्जीमंडी में दीपावली की सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा घोड़ेवाले चौराहे पर नागरिक सहकारी बैंक के समीप, प्रधान कार्यालय कैनाल रोड, तलवंडी में दाऊदयाल जोशी आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास, कॉमर्स कॉलेज रोड, वी-मार्ट के पास रजत सिटी तथा महाराणा प्रताप सर्किल कुन्हाड़ी में भी विशेष बिक्री काउंटर लगाए गए हैं।
इन केंद्रों पर बीकाजी, बिकानो और हल्दीराम जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के भुजिया, चिवड़ा, लौंग व अजवाइन सेव, गाठिया, पपड़ी, मीठे सेव सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और नमकीन उपलब्ध हैं। उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार इन उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं।
संस्था अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने बताया कि गुणवत्ता और उचित मूल्य के कारण कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने हर वर्ष ग्राहकों का भरोसा कायम रखा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में भंडार की ओर से एक करोड़ रुपये के पटाखे, 10 लाख रुपये की मिठाइयां तथा करीब 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री की गई थी। इस वर्ष दीपोत्सव पर पटाखों की बिक्री का लक्ष्य 1.25 करोड़ रुपये तथा मिठाई, नमकीन और ड्राईफ्रूट्स की बिक्री का लक्ष्य 30 लाख रुपये रखा गया है।
अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, कोटा एवं कोटा भंडार की महाप्रबंधक बीना बैरवा ने कहा कि उपभोक्ता भंडार का उद्देश्य आमजन को शुद्ध उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध कराना है। संस्था उपभोक्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए सहकारिता की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है।
इस अवसर पर भंडार उपाध्यक्ष नरेंद्र कृष्ण बिरला, संचालक अशोक कुमार मीणा, महीप सिंह सोलंकी, इन्द्रमल जैन, धीरेन्द्र पाल सिंह, पारस खींची, उषा न्याती, खुशबू बिरला, विष्णु कंवर, दिशा गुप्ता तथा सहकारी विभाग के उप रजिस्ट्रार राजेश मीणा एवं कोटा जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के एमडी राय सिंह मोजावत उपस्थित रहे

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...