मथुरा में जीजा ने सालों को पहनाई 1-1 करोड़ रुपए की नोटों की माला, 100-100 फीट लंबी माला संभालने में जुटे कई लोग
घुड़चढ़ी में 500-500 रुपए के नए नोटों से बनी मालाएं पहनाईं, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मथुरा। शादियों के सीजन में मथुरा के सुरीर क्षेत्र के नगला फोंदा गांव में अनोखी घुड़चढ़ी चर्चा का विषय बन गई। यहां एक जीजा ने अपने दोनों सालों को ऐसा तोहफा दिया कि घुड़चढ़ी देखने पहुंचे लोग हैरान रह गए। जीजा ने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपए के 500-500 रुपए के नोटों से बनी विशाल मालाएं पहनाईं। प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी बताई जा रही है। इस अनोखी घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली गई। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों से होनी है।
घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोला निवासी उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने दोनों सालों को खास तोहफा देने का फैसला किया। उन्होंने 500-500 रुपए के नए नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपए की माला दोनों दूल्हों को पहनाई।
100 फीट लंबी माला संभालने में जुटे कई लोग
दोनों मालाएं करीब 100-100 फीट लंबी और काफी भारी थीं। इन्हें संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ लगना पड़ा। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण इस अनोखे नजारे को देखते रह गए।
जीजा के तोहफे का वीडियो वायरल
आमतौर पर घुड़चढ़ी की रस्म में बहनें अपने भाइयों के साले यानी दूल्हों से शगुन मांगती हैं, लेकिन यहां जीजा ने ही अपने सालों पर करोड़ों रुपए की मालाएं पहनाकर रस्म को यादगार बना दिया। मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया। बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। जीजा के इस अनोखे अंदाज की चर्चा अब इलाके में हो रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)