छात्रों की गूंज अभियान को लेकर कांग्रेस ओबीसी विभाग की बैठक सम्पन्न*
*1 अगस्त को कलेक्ट्रेट घेराव को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान*
के डी अब्बासी
कोटा । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संचालित "छात्रों की गूंज" अभियान के अंतर्गत आगामी एक अगस्त को प्रस्तावित छात्र-युवा रैली एवं कलेक्ट्रेट घेराव तथा निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार रात्रि को बोरखेड़ा स्थित एक निजी होटल में आयोजित की गई।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त कोटा संयोजक एवं गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष जिग्नेश मेवानी तथा पीसीसी कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों के कारण शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ अब छात्रों की आवाज को बुलंद करने का समय आ गया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 1 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे सर्किट हाउस से प्रारंभ होने वाली विशाल रैली एवं कलेक्ट्रेट घेराव में अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि यह आंदोलन ऐतिहासिक बने और सरकार तक विद्यार्थियों की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
बैठक में शहर कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष दीपक नामदेव, देहात अध्यक्ष टीकमचंद सुमन, लाडपुरा पूर्व विधायक पूनम गोयल, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम, जिला महासचिव प्रशांत सक्सैना, जिला उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह बिल्लू, जिला महासचिव मंजू चौधरी, महासचिव हिमांशु शर्मा भूतपूर्व सैनिक हेमराज मीणा, केथून नगर पालिका पूर्व चेयरमैन नसरुद्दीन अंसारी, धर्मेंद्र जैन (भाया), दिलदार अली, निखिल सोनी, रघुवीर मीणा तथा सुरेश मेहरा सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर विद्यार्थियों और युवाओं को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। कोचिंग छात्र आयुष त्रिपाठी ने शिक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं, पेपर लीक और रोजगार के घटते अवसरों ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उपस्थित विद्यार्थियों ने भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर गहरा असंतोष व्यक्त किया और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से शिक्षा व्यवस्था जर्जर होती जा रही है।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने एकजुट होकर 1 अगस्त के कलेक्ट्रेट घेराव को सफल बनाने का संकल्प लिया और छात्र-युवा हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)