तलवारों के करतब, गुरु वाणी की गूंज और पुष्पवर्षा... भव्य नगर कीर्तन ने बांधा समां
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, वीर खालसा ग्रुप के हैरतअंगेज गतका प्रदर्शन ने किया रोमांचित
पंच प्यारों की अगुवाई में निकली पालकी साहिब, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
सेवा और समर्पण की मिसाल बने सेवादार, नगर कीर्तन के साथ चला स्वच्छता अभियान
डिजिटल भास्कर पत्रिका न्यूज़
के डी अब्बासी
कोटा। 24 नवंबर को सजेगा मुख्य दीवान, हजारों श्रद्धालु छकेंगे गुरु का अटूट लंगर
कोटा। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कोटा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। चार दिवसीय प्रकाशोत्सव के तहत शनिवार को श्री गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, कोटा जंक्शन से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु नानक देव जी के संदेशों का गुणगान किया। नगर कीर्तन में गुरु वाणी की मधुर गूंज, पंच प्यारों की अगुवाई, पालकी साहिब के दर्शन और जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
सभा के अध्यक्ष अमरजीत सिंह माखीजा ने बताया कि नगर कीर्तन दोपहर 1 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, कोटा जंक्शन से प्रारंभ हुआ। सबसे आगे पंच प्यारे गुरु साहिब के संदेशों का प्रसार करते हुए चल रहे थे। उनके पीछे सुसज्जित पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पावन प्रकाश शोभायमान था। संगत ने पालकी साहिब के दर्शन कर माथा टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर कीर्तन में महिला एवं पुरुष कीर्तन जत्थों ने शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया। स्टेशन क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से निकले नगर कीर्तन का शहरवासियों ने जगह-जगह स्वागत द्वार लगाकर और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। संगत की ओर से विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण भी किया गया। नगर कीर्तन पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां आकर्षक आतिशबाजी से आसमान रंगीन हो उठा।
तलवारबाजी और गतका के करतबों ने बांधा समां
नगर कीर्तन का प्रमुख आकर्षण वीर खालसा ग्रुप कोटा का रोमांचक गतका प्रदर्शन रहा। ग्रुप के सदस्यों ने तलवारबाजी, चक्र घुमाने और सिर पर रखे नारियल को तलवार से तोड़ने जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पारंपरिक युद्धकला और सिख शौर्य का प्रदर्शन देखकर सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
नगर कीर्तन में धार्मिक आस्था के साथ सेवा और स्वच्छता की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। जहां संगत गुरु वाणी का गुणगान करते हुए आगे बढ़ रही थी, वहीं सेवादार पीछे सड़क की सफाई करते चल रहे थे। इसने सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
24 नवंबर को सजेगा मुख्य दीवान, हजारों श्रद्धालु छकेंगे गुरु का अटूट लंगर
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन के प्रबंधक अमरप्रीत सिंह माखीजा ने बताया कि 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 4 बजे श्री सुखमनी साहिब एवं नितनेम के पाठ से होगी। सुबह 6:30 बजे आसा दी वार आरंभ होगी तथा सुबह 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे तक खुले पंडाल में कीर्तन, कथा और गुरमत विचारों का आयोजन होगा। रात्रि का दीवान शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक सजेगा।
प्रकाश पर्व पर सुबह 11 बजे से गुरु का अटूट लंगर बरतेगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर लंगर छकेंगे। आयोजन के तहत रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा, जिसका एकत्रित रक्त अग्रवाल ब्लड बैंक सोसाइटी को दिया जाएगा। सिख फुलवारी की ओर से गुरमत साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष स्टॉल लगाई जाएगी। इसके साथ ही चिकित्सा शिविर में शहर के विभिन्न चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे।
23 नवंबर को भी सजेगा विशेष दीवान
प्रकाशोत्सव के तहत 23 नवंबर को सुबह 7 से 10:30 बजे और रात्रि 7 से 10:30 बजे तक विशेष दीवान सजेंगे। इनमें रागी जत्था भाई जसवीर सिंह जी (हजूरी रागी, श्री गुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन), रागी जत्था भाई लखविंदर सिंह जी (हजूरी रागी, श्री दरबार साहिब अमृतसर) तथा प्रचारक ज्ञानी जसविंदर सिंह जी दर्दी (मंजी साहिब, श्री दरबार साहिब अमृतसर) संगत को अमृतमयी गुरुवाणी और गुरमत विचारों से निहाल करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)