विश्व ओआरएस दिवस पर जागरूकता अभियान, आधारशिला पर्यटक स्थल पर लोगों को पिलाया गया ओआरएस घोल
कोटा। विश्व ओआरएस दिवस के अवसर पर मदनी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आधारशिला पर्यटक स्थल पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) का घोल पिलाकर इसके महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
मदनी वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक सदस्य शेर खान ने बताया कि डायरिया, उल्टी, गर्मी और अन्य कारणों से होने वाले निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) से बचाव के लिए ओआरएस सबसे सरल, सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि समय पर ओआरएस का सेवन करने से शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी को पूरा किया जा सकता है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है।
इस अवसर पर डॉ. अविनाश बंसल ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के लिए ओआरएस किसी जीवनरक्षक उपचार से कम नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दस्त या उल्टी होने पर तुरंत ओआरएस का घोल देना शुरू करें और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें। उन्होंने ओआरएस घोल बनाने और उसके सही उपयोग की विधि की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को ओआरएस घोल पिलाया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी देकर जागरूक किया गया। लोगों ने इस जनहित अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मदनी वेलफेयर सोसाइटी ने भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े जागरूकता अभियान निरंतर चलाने का संकल्प व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)