पिता के पदचिन्हों पर चले डॉ. राकेश सिंह: एमबीएस अस्पताल के नए अधीक्षक का भव्य सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की जताई उम्मीद,
चिकित्सा सेवा समिति कोटा के तत्वावधान में पत्रकारों, समाजसेवियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने किया सम्मानित
के डी अब्बासी
कोटा, 3 जुलाई।
मेडिकल कॉलेज कोटा से संबद्ध महाराव भीम सिंह (एमबीएस) चिकित्सालय के नव नियुक्त अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह का शुक्रवार को चिकित्सा सेवा समिति, कोटा के तत्वावधान में पत्रकारों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रबुद्ध प्रतिनिधियों द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार तथा मरीजों को बेहतर एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा व्यक्त की।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यह डॉ. राकेश सिंह एवं उनके परिवार के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। लगभग दो दशक पूर्व उनके पिता डॉ. रामपाल भी इसी महाराव भीम सिंह चिकित्सालय में अधीक्षक के रूप में अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता और बेहतर प्रबंधन का परिचय दे चुके हैं। अब उसी पद पर पुत्र डॉ. राकेश सिंह की नियुक्ति पूरे चिकित्सा जगत के लिए गर्व का विषय है।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राकेश सिंह अपनी मिलनसार कार्यशैली, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनके प्रशासनिक कौशल तथा पिता के अनुभवों का लाभ अस्पताल को मिलेगा और इससे मरीजों तथा उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त होंगी।
इस अवसर पर चिकित्सा सेवा समिति के संरक्षक एवं रेडक्रॉस सोसायटी कोटा के सचिव रिछपाल पारीक, जार पत्रकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हरी वल्लभ मेघवाल, ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब के महासचिव अनिल भारद्वाज, रेडक्रॉस सोसायटी के डायरेक्टर, जैन दिवाकर चिकित्सा सेवा संस्थान के चेयरमैन सुभाष जैन, ह्यूमन रिलीफ सोसायटी के महासचिव एवं रेडक्रॉस सदस्य एडवोकेट अख्तर खान अकेला, चिकित्सा विशेषज्ञ आर.के. न्याती, सत्येंद्र यादव (सरपंच), जे.के. लोन अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. उजागर सिंह सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने डॉ. राकेश सिंह का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रमेश गांधी, रवि सामरिया, एडवोकेट अशोक बादल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह के दौरान सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. राकेश सिंह के नेतृत्व में एमबीएस चिकित्सालय में बेहतर प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प तथा मरीजों के हित में प्रभावी सुधार देखने को मिलेंगे। साथ ही उन्होंने अस्पताल को प्रदेश के उत्कृष्ट चिकित्सा संस्थानों में शामिल करने की शुभकामनाएं भी दीं

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)