आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

26 जून 2026

डाइट कोटा में नेत्रदान एवं अंगदान जनजागरूकता अभियान को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

 डाइट कोटा में नेत्रदान एवं अंगदान जनजागरूकता अभियान को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

कोटा,  जून।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), कोटा में आयोजित अधिकारियों की बैठक के दौरान विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में नेत्रदान एवं अंगदान जागरूकता अभियान संचालित करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालय स्तर पर नियमित कार्यशालाएँ, प्रेरक व्याख्यान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ। साथ ही समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को मानव सेवा के इस महाअभियान से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

शाइन इंडिया फाउंडेशन ने डाइट प्रशासन के इस सकारात्मक प्रयास का स्वागत करते हुए कहा कि यदि शिक्षा विभाग के माध्यम से यह अभियान संचालित किया जाता है तो लाखों विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों तक नेत्रदान एवं अंगदान का संदेश प्रभावी रूप से पहुँच सकेगा। फाउंडेशन ने विद्यालयों में विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता कार्यशालाएँ आयोजित करने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की भी सहमति व्यक्त की।

फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुलवंत गौर ने कहा कि

"शिक्षा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। यदि विद्यार्थी नेत्रदान एवं अंगदान के महत्व को समझेंगे तो वे अपने परिवार एवं समाज में भी इस संदेश को पहुँचाकर अनेक लोगों का जीवन बचाने की प्रेरणा बनेंगे।"
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा विभाग एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से कोटा जिले में नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति एक व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित होगा, जिससे अधिकाधिक लोग इस महादान के लिए संकल्पित होंगे। सहायक निदेशक महात्मा गांधी प्रकोष्ठ आदित्य विजय ने कोटा संभाग के सभी विद्यालयों में बच्चों में अंगदान, नेत्रदान के प्रति जागरूकता के लिए अभियान रूप में शाइन इंडिया फाउंडेशन से सहमति व्यक्त की।
बैठक में उप निदेशक, महात्मा गांधी प्रकोष्ठ प्रेमचंद अजमेरा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री कृष्ण गोपाल जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) श्री रूप सिंह मीणा, प्रधानाचार्य डाइट कोटा श्रीमती पवित्रा त्रिपाठी, सहायक निदेशक श्री आदित्य विजय एवं श्री महेन्द्र चौधरी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...