कोटा में 1 अप्रैल को रेलवे की तकनीक का महाकुंभ
*सेल्फी प्वाइंट, लाइव मॉडल्स और डिजिटल डिस्प्ले के साथ एक दिन में जानें रेलवे की पूरी दुनिया — प्रवेश निःशुल्क*
के डी अब्बासी
कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 01 अप्रैल 2026 को मेनाल ऑफिसर्स क्लब, कोटा में आयोजित होने वाली भव्य रेल प्रदर्शनी को लेकर आमजन में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इस विशेष प्रदर्शनी को और अधिक जनसुलभ एवं आकर्षक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि हर आयु वर्ग के लोग रेलवे की आधुनिक तकनीक और सेवाओं को रोचक तरीके से समझ सकें।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रदर्शनी केवल एक प्रदर्शन नहीं बल्कि रेलवे की तकनीकी प्रगति का एक जीवंत अनुभव होगी, जहां आगंतुकों को रेलवे की कार्यप्रणाली को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहेगी। इसमें इंजीनियरिंग, वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत, यांत्रिक, परिचालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर न केवल जानकारी दी जाएगी, बल्कि कई स्थानों पर कार्यशील मॉडल्स, डिजिटल स्क्रीन और इंटरैक्टिव प्रदर्शन के माध्यम से रेलवे की तकनीकों को सरल रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदर्शनी में कवच 4.0 स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, अमृत भारत स्टेशन योजना, 2×25 केवी ओएचई विद्युतीकरण, हाई स्पीड ट्रायल्स, रेल मदद ऐप, रेलवन ऐप जैसी आधुनिक पहलों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं के लिए यह एक सीखने का अनूठा अवसर होगा, जहां वे रेलवे के तकनीकी और संचालन संबंधी पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।
प्रदर्शनी को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सेल्फी प्वाइंट, विजुअल डिस्प्ले और फैमिली फ्रेंडली वातावरण की भी व्यवस्था की गई है, जिससे यह आयोजन केवल जानकारी ही नहीं बल्कि एक यादगार अनुभव भी बनेगा।
कोटा शहर के नागरिकों, विद्यार्थियों, रेल प्रेमियों एवं परिवारजनों से अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अनूठी प्रदर्शनी का लाभ उठाएं और भारतीय रेलवे की प्रगति को करीब से देखें।
कार्यक्रम संक्षेप :
• दिनांक : 01 अप्रैल 2026 (बुधवार)
• स्थान : मेनाल ऑफिसर्स क्लब, रेलवे स्टेशन के पास, कोटा
• समय : प्रातः 11:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक
• प्रवेश : निःशुल्क एवं सभी के लिए खुला
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक /
जन सम्पर्क अधिकारी, कोटा

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)