आवारा कुत्तों के आतंक पर निवर्तमान पार्षद सलीना शेरी ने डॉग-बाइट केस पर नगर निगम आयुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग
कोटा
कोटा शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर निवर्तमान पार्षद सलीना शेरी ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आमजन का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
सलीना शेरी ने बताया कि नगर निगम के पीछे साजी देहड़ा बस्ती, किशोरपुरा, वक्फ नगर, चंबल गार्डन, गढ़ पैलेस, विज्ञान नगर सेक्टर-1, नयापुरा, कलेक्ट्रेट परिसर, गांधी कॉलोनी, माला फाटक सहित कई क्षेत्रों में आए दिन कुत्तों के हमले हो रहे हैं। हाल ही में विज्ञान नगर क्षेत्र में दादा के साथ जा रहे 3 वर्षीय मासूम पर कुत्तों ने हमला कर दिया, जिसमें बच्चे के कंधे, पीठ, हाथ और पैर पर गंभीर घाव आए।
उन्होंने बताया कि नयापुरा और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में एक ही कुत्ते द्वारा 20 से अधिक लोगों को काटने की घटनाएं सामने आई हैं। हालात इतने खराब हैं कि जनवरी माह में ही 665 से अधिक लोग डॉग-बाइट का शिकार होकर एमबीएस अस्पताल पहुंचे। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 20 से अधिक लोग कुत्तों के काटने के बाद अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
बच्चों को बाहर भेजने से डर रहे परिजन
सलीना शेरी ने कहा कि यह समस्या अब केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि गंभीर जन-सुरक्षा संकट बन चुकी है। बच्चों को बाहर खेलने भेजना मुश्किल हो गया है, बुजुर्गों का घर से निकलना डर के बिना संभव नहीं रहा। अस्पतालों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
नगर निगम से उठाने की मांग की ये प्रमुख कार्रवाइयाँ
पत्र में सलीना शेरी ने नगर निगम से मांग की है कि—
शहर की गलियों व संवेदनशील इलाकों में घूम रहे आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़वाया जाए।
पकड़े गए कुत्तों को नगर निगम के शेल्टर हाउस/डॉग सेंटर में सुरक्षित रखा जाए।आक्रामक कुत्तों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए।एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) व एंटी-रेबीज टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाया जाए।
डॉग-बाइट की अधिक घटनाओं वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू टीम व नियमित पेट्रोलिंग करवाई जाए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)