आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

03 दिसंबर 2011

निशाने पर फिर श्मशान, कब्र खोदकर निकाल ले गए मासूम का शव!

| Email


कोटा.महावीर नगर थाना क्षेत्र में रंगबाड़ी स्थित श्मशान से एक बालक का शव गायब होने व 18 कब्रों को खोदने की घटना सामने आई है। पुलिस को मौके पर खून में सना चाकू व पूजा की सामग्री भी मिली है। इससे यह करतूत किसी तांत्रिक गिरोह की मानी जा रही है।

इससे पहले नवरात्र के दौरान भी यहीं से एक शिशु का शव गायब हुआ था। सितंबर व अक्टूबर माह में केशवपुरा, प्रेमनगर व नयापुरा श्मशान से भी बालक के शव गायब हुए थे। इन मामलों को पुलिस आज तक नहीं खोल पाई।

थानेदार मदनपालसिंह के अनुसार रंगबाड़ी श्मशान से शव गायब होने की सूचना मिली थी। पुलिस जाब्ते ने वहां जाकर देखा तो कुछ कब्रें खुदी हुई थी। एक कब्र से शव गायब था। उन्होंने कहा कि कब्र को खोदने के पीछे किसी तांत्रिक गिरोह का हाथ है।

जिन्होंने शव की तलाश में कब्रों को खोदा है। कब्र के पास नींबू, रोली, फूल, लच्छा व खून से सना चाकू बरामद हुआ है। अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 297 में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

ऐसे चला पता

रंगबाड़ी निवासी अमरलाल ने बताया कि सोमवार को उन्होंने मृत नवजात पोती को श्मशान में दफनाया था। बुधवार को दूध पिलाने की रस्म करने गए तो शव गायब था। इसके बाद वे रोज यहां आकर देखते थे। शनिवार को सुबह आकर देखा तो कई कब्र खुदी हुई थी। कब्रों के पास पूजा-पाठ की सामग्री पड़ी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी।

अव्यवस्था का शिकार है श्मशान

क्षेत्रवासियों का कहना है कि श्मशान प्रशासन की अनदेखी दुर्दशा का शिकार है। यहां साफ-सफाई तो दूर पानी पीने तक की व्यवस्था नहीं है। श्मशान में चौकीदार नहीं है। रोशनी व्यवस्था भी चौपट है। जिसके कारण ही असामाजिक तत्व यहां अवांछित हरकतें करते हैं।

सांसद पंहुचे मौके पर

सूचना के बाद सांसद इज्येराज सिंह भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें मुक्तिधाम की हालत के बारे में अवगत कराया और रात को पुलिस गश्त की मांग की। सांसद इज्येराज सिंह ने लोगों को समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने सांसद कोष से मुक्तिधामों में विकास के लिए राशि देने का आश्वासन दिया।

जनभावना से जुड़ा मामला

‘‘यह घटना जनभावना को झकझोरने वाली है। जिला प्रशासन व निगम प्रशासन को इसके प्रति गंभीर होना चाहिए। मैंने एसपी प्रफुल्ल कुमार से क्षेत्र की गश्त बढ़ाने व न्यास अध्यक्ष कलेक्टर जीएल गुप्ता से अव्यवस्थाओं को सुधारने के बारे में बात की है। ’’

- इज्येराजसिंह, सांसद, कोटा

जल्द होगा व्यवस्थाओं में सुधार

‘‘मुक्तिधाम में इस तरह की घटना दुखद है, इसकी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित समितियों के अध्यक्ष से चर्चा कर वहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाया जाएगा। ’’

- डॉ. रत्ना जैन, महापौर कोटा

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...