आपका-अख्तर खान

हमें चाहने वाले मित्र

23 नवंबर 2026

कोटा ग्रामीण पुलिस का सोशल मीडिया पर डिजिटल प्रहार! अपराधियों के महिमामंडन और हथियारों का प्रदर्शन करने वाले 27 अकाउंट डिलीट, 35 खाताधारकों पर शिकंजा

 

कोटा ग्रामीण पुलिस का सोशल मीडिया पर डिजिटल प्रहार! अपराधियों के महिमामंडन और हथियारों का प्रदर्शन करने वाले 27 अकाउंट डिलीट, 35 खाताधारकों पर शिकंजा
कोटा ग्रामीण पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन करने, हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित कर डिजिटल प्रहार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का महिमामंडन करने और हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने वालों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। इसी अभियान के तहत जिले में कुल 90 सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए गए।
कार्रवाई के दौरान 27 सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट करवाए गए, जबकि 35 अन्य अकाउंट से असामाजिक पोस्ट हटवाई गईं। इसके अलावा 35 खाताधारकों को धारा 126 और 170 BNSS के तहत पाबंद कराने की कार्रवाई की गई है। शेष चिन्हित अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में कई हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी भी आए हैं। इनमें सांगोद का आदिल मिर्जा, जिसके खिलाफ 34 मुकदमे दर्ज हैं। देवलीमांझी का इमरान पठान, जिसके खिलाफ 20 मुकदमे दर्ज हैं। अजाउद्दीन उर्फ काजू पर 18, रामगंजमंडी के इमरान उर्फ आशु पाया पर 17 और सुरेंद्र मीणा उर्फ सूर्या भौंरा पर 16 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा भाविक चावड़ा, अब्दुल लईक उर्फ अन्ना टाइगर, राहिल मेव, शरणजीत सिंह, अभिषेक मीणा और सईद भाया सहित अन्य लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट भी पुलिस की निगरानी में आए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कल्याण मीणा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। कोटा ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अपराधियों का महिमामंडन करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोटा मंडल में रेल सुरक्षा से खिलवाड़ का आरोप, रेलवे बोर्ड के आदेशों की अनदेखी से रनिंग स्टाफ परेशान

 

कोटा मंडल में रेल सुरक्षा से खिलवाड़ का आरोप, रेलवे बोर्ड के आदेशों की अनदेखी से रनिंग स्टाफ परेशान
लोको पायलटों की ड्यूटी बुकिंग और साप्ताहिक विश्राम को लेकर उठे सवाल, कर्मचारियों को सता रहा बड़े रेल हादसे का डर
डिजिटल भास्कर पत्रिका न्यूज़
के डी अब्बासी
कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में रेल संचालन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेल चालकों (लोको पायलटों) ने मंडल प्रशासन पर मनमाने आदेश जारी करने और मिस मैनेजमेंट के चलते रेल संचालन की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका जताई है। कर्मचारियों का आरोप है कि कोटा लॉबी में जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली के कारण रेल चालकों को अपने मूल कार्य यानी सुरक्षित ट्रेन संचालन में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने 9 दिसंबर 2024 को जारी पत्र में SPAD (Signal Passing at Danger) यानी खतरे का सिग्नल पार करने की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यात्री ट्रेनों में क्रू की बुकिंग मंडल द्वारा जारी लिंक के अनुसार करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि कोटा लॉबी के सीसीसी एवं सीएलआई स्तर पर इन निर्देशों की अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों का दावा है कि राजधानी और मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में लोको पायलट मेल की बुकिंग FIFO (First In First Out) व्यवस्था के तहत की जा रही है, जबकि रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित व्यवस्था अपनाई जानी चाहिए।
सात दिन के बजाय दस दिन बाद मिल रहा आराम!
रनिंग स्टाफ की दूसरी बड़ी शिकायत साप्ताहिक विश्राम को लेकर है। कर्मचारियों का आरोप है कि नियमानुसार सात दिन के स्थान पर कई बार दस दिन बाद विश्राम दिया जा रहा है। लगातार ड्यूटी और पर्याप्त आराम नहीं मिलने से रेल चालकों पर मानसिक एवं शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। उनका कहना है कि थकान की स्थिति में सुरक्षित रेल संचालन करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
कर्मचारियों को सता रहा बड़े हादसे का डर
रनिंग स्टाफ में इस व्यवस्था को लेकर नाराजगी और असंतोष बताया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी नौकरी कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक हठधर्मिता और अव्यवस्थाओं के चलते उन्हें हमेशा इस बात की चिंता सताती रहती है कि कहीं किसी दिन कोई बड़ी रेल दुर्घटना न हो जाए।
कर्मचारियों के बीच हाल ही में एमबीबीएस अस्पताल के ईसीजी टेक्नीशियन की आत्महत्या की घटना का भी जिक्र किया जा रहा है। कुछ कर्मचारी अपनी कार्य परिस्थितियों और मानसिक दबाव की तुलना करते हुए चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
अब सवाल यह है कि जब रेलवे बोर्ड ने SPAD जैसी गंभीर घटनाओं की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं तो उनकी पालना सुनिश्चित क्यों नहीं हो रही? क्या कोटा मंडल के जिम्मेदार अधिकारी इन शिकायतों की गंभीरता से जांच करेंगे? रेल यात्रियों की सुरक्षा और कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।

कलेक्ट्री भी चोरों के निशाने पर! सरकारी दफ्तरों से लेकर दूध बूथ तक सुरक्षित नहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

कलेक्ट्री भी चोरों के निशाने पर! सरकारी दफ्तरों से लेकर दूध बूथ तक सुरक्षित नहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
डिजिटल भास्कर पत्रिका न्यूज़
कोटा। शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जगह जिला कलेक्ट्रेट परिसर ही अब चोरों के निशाने पर है। यहां सरकारी कार्यालयों से लेकर क्योस्क और दूध बूथ तक सुरक्षित नहीं हैं। दिनदहाड़े और रात के अंधेरे में हो रही चोरी की घटनाओं ने कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। हालात ऐसे हैं कि कर्मचारियों और यहां आने वाले फरियादियों में भी चिंता बढ़ने लगी है।
सूत्रों के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित कई कार्यालयों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चोर कार्यालयों के ताले तोड़कर कंप्यूटर, पंखों का सामान, जरूरी फाइलें और कर्मचारियों के निजी सामान तक चोरी कर रहे हैं। परिसर में संचालित क्योस्क और डेयरी बूथ भी चोरों के निशाने पर हैं। पिछले तीन महीनों में डेयरी बूथ में चोरी की वारदात हो चुकी है, वहीं क्योस्क के ताले तोड़ने के प्रयास भी किए गए हैं।
गेट टूटे होने पर उठे थे सवाल, फिर भी नहीं चेता प्रशासन
कुछ दिन पहले ही कोटा के चर्चित अधिवक्ता अख्तर खान अकेला ने कलेक्ट्रेट के गेट टूटे होने को लेकर सवाल उठाए थे, लेकिन इस ओर जिम्मेदारों ने गंभीरता नहीं दिखाई। इसका नतीजा यह है कि अब एक बार फिर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डेयरी बूथ के ताले तोड़ने की घटना सामने आई है। गनीमत रही कि इस बार चोर बूथ में रखा सामान चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलेक्टर, ग्रामीण एसपी कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी विभाग संचालित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने काम से पहुंचते हैं, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं हैं? रात के समय सुरक्षा गार्डों की कमी और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कदम नजर नहीं आए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब जिले का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिसर ही चोरों से सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जाए?
अब जिम्मेदारों से जवाब मांग रहे सवाल
कलेक्ट्रेट परिसर में रात के समय नियमित गश्त, सभी प्रवेश द्वारों की मरम्मत, सीसीटीवी कैमरों को चालू करवाने और पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग उठ रही है। साथ ही लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की भी जरूरत है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

कोटा ग्रामीण में बड़ा हादसा टला! जर्जर सरकारी स्कूल की बिल्डिंग के कमरे ढहे

 

कोटा ग्रामीण में बड़ा हादसा टला! जर्जर सरकारी स्कूल की बिल्डिंग के कमरे ढहे
रामराजपुरा गांव में देर शाम विद्यालय भवन के कमरे गिरने से मचा हड़कंप, रविवार की छुट्टी के चलते बंद था स्कूल
कोटा ग्रामीण। सरकारी विद्यालयों के भवनों की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोटा ग्रामीण क्षेत्र के रामराजपुरा गांव में देर शाम सरकारी विद्यालय भवन के कमरे ढह गए। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल बंद था और रविवार की छुट्टी होने के कारण वहां विद्यार्थी और स्टाफ मौजूद नहीं थे। ऐसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार विद्यालय का भवन पहले से ही जर्जर हालत में था। सर्वे रिपोर्ट में भी भवन को जर्जर घोषित किया गया था। इसके बावजूद भवन के कमरे ढहने की घटना ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और समय रहते मरम्मत अथवा अन्य आवश्यक कदम उठाने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। सवाल यह है कि जब विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति पहले ही सामने आ चुकी थी, तो विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय रहते क्या कदम उठाए गए?
बड़ा सवाल: क्या किसी सरकारी विद्यालय में बच्चों की जान जोखिम में पड़ने के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेगा, या जर्जर भवनों को लेकर पहले से ही ठोस कार्रवाई की जाएगी?

वह वही तो है जो तुम्हें डराने और लालच देने के वास्ते बिजली की चमक दिखाता है और पानी से भरे बोझल बादलों को पैदा करता है

(उसके नज़दीक) सब बराबर हैं (आदमी किसी हालत में हो मगर) उस अकेले के लिए उसके आगे उसके पीछे उसके निगेहबान (फ़रिश्ते) मुक़र्रर हैं कि उसको हुक्म ख़ुदा से हिफाज़त करते हैं जो (नेअमत) किसी क़ौम को हासिल हो बेशक वह लोग खुद अपनी नफ्सानी हालत में तग्य्युर न डालें ख़ुदा हरगिज़ तग़्य्युर नहीं डाला करता और जब ख़ुदा किसी क़ौम पर बुराई का इरादा करता है तो फिर उसका कोई टालने वाला नहीं और न उसका उसके सिवा कोई वाली और (सरपरस्त) है (11)
वह वही तो है जो तुम्हें डराने और लालच देने के वास्ते बिजली की चमक दिखाता है और पानी से भरे बोझल बादलों को पैदा करता है (12)
और ग़र्ज और फ़रिश्ते उसके ख़ौफ से उसकी हम्दो सना की तस्बीह किया करते हैं वही (आसमान से) बिजलियों को भेजता है फिर उसे जिस पर चाहता है गिरा भी देता है और ये लोग ख़ुदा के बारे में (ख़्वामाख़्वाह) झगड़े करते हैं हालांकि वह बड़ा सख़्त क़ूवत वाला है (13)
(मुसीबत के वक़्त) उसी का (पुकारना) ठीक पुकारना है और जो लोग उसे छोड़कर (दूसरों को) पुकारते हैं वह तो उनकी कुछ सुनते तक नहीं मगर जिस तरह कोई शख़्स (बग़ैर उॅगलियाँ मिलाए) अपनी दोनों हथेलियाँ पानी की तरफ फैलाए ताकि पानी उसके मुँह में पहुँच जाए हालांकि वह किसी तरह पहुँचने वाला नहीं और (इसी तरह) काफिरों की दुआ गुमराही में (पड़ी बहकी फिरा करती है) (14)
और आसमानों और ज़मीन में (मख़लूक़ात से) जो कोई भी है खुषी से या ज़बरदस्ती सब (अल्लाह के आगे सर बसजूद हैं और (इसी तरह) उनके साए भी सुबह व शाम (सजदा करते हैं) (15) (सजदा)
(ऐ रसूल) तुम पूछो कि (आखि़र) आसमान और ज़मीन का परवरदिगार कौन है (ये क्या जवाब देगें) तुम कह दो कि अल्लाह है (ये भी कह दो कि क्या तुमने उसके सिवा दूसरे कारसाज़ बना रखे हैं जो अपने लिए आप न तो नफे़ पर क़ाबू रखते हैं न ज़रर (नुकसान) पर (ये भी तो) पूछो कि भला (कहीं) अन्धा और आँखों वाला बराबर हो सकता है (हरगिज़ नहीं) (या कहीं) अंधेरा और उजाला बराबर हो सकता है (हरगिज़ नहीं) इन लोगों ने ख़़ुदा के कुछ शरीक़ ठहरा रखे हैं क्या उन्हें ख़ुदा ही की सी मख़लूक़ पैदा कर रखी है जिनके सबब मख़लूकात उन पर मुशतबा हो गई है (और उनकी खुदाई के क़ायल हो गए) तुम कह दो कि ख़ुदा ही हर चीज़ का पैदा करने वाला और वही यकता और सिपर (सब पर) ग़ालिब है (16)
उसी ने आसमान से पानी बरसाया फिर अपने अपने अन्दाज़े से नाले बह निकले फिर पानी के रेले पर (जोश खाकर) फूला हुआ झाग (फेन) आ गया और उस चीज़ (धातु) से भी जिसे ये लोग ज़ेवर या कोई असबाब बनाने की ग़रज़ से आग में तपाते हैं इसी तरह फेन आ जाता है (फिर अलग हो जाता है) यूं ख़ुदा हक़ व बातिल की मसले बयान फरमाता है (कि पानी हक़ की मिसाल और फेन बातिल की) ग़रज़ फेन तो खुश्क होकर ग़ायब हो जाता है जिससे लोगों को नफा पहुँचता है (पानी) वह ज़मीन में ठहरा रहता है यूं ख़ुदा (लोगों के समझाने के वास्ते) मसले बयान फरमाता है (17)
जिन लोगों ने अपने परवरदिगार का कहना माना उनके लिए बहुत बेहतरी है और जिन लोगों ने उसका कहा न माना (क़यामत में उनकी ये हालत होगी) कि अगर उन्हें रुए ज़मीन के सब ख़ज़ाने बल्कि उसके साथ इतना और मिल जाए तो ये लोग अपनी नजात के बदले उसको (ये खुशी) दे डालें (मगर फिर भी कोई फायदा नहीं) यही लोग हैं जिनसे बुरी तरह हिसाब लिया जाएगा और आखि़र उन का ठिकाना जहन्नुम है और वह क्या बुरी जगह है (18)
(ऐ रसूल) भला वह शख़्स जो ये जानता है कि जो कुछ तुम्हारे परवरदिगार की तरफ से तुम पर नाजि़ल हुआ है बिल्कुल ठीक है कभी उस शख़्स के बराबर हो सकता है जो मुत्तलिक़ (पूरा) अंधा है (हरगिज़ नहीं) (19)
इससे तो बस कुछ समझदार लोग ही नसीहत हासिल करते हैं वह लोग है कि ख़ुदा से जो एहद किया उसे पूरा करते हैं और अपने पैमान को नहीं तोड़ते (20)  

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...