कलेक्ट्री भी चोरों के निशाने पर! सरकारी दफ्तरों से लेकर दूध बूथ तक सुरक्षित नहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
डिजिटल भास्कर पत्रिका न्यूज़
कोटा। शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जगह जिला कलेक्ट्रेट परिसर ही अब चोरों के निशाने पर है। यहां सरकारी कार्यालयों से लेकर क्योस्क और दूध बूथ तक सुरक्षित नहीं हैं। दिनदहाड़े और रात के अंधेरे में हो रही चोरी की घटनाओं ने कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। हालात ऐसे हैं कि कर्मचारियों और यहां आने वाले फरियादियों में भी चिंता बढ़ने लगी है।
सूत्रों के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित कई कार्यालयों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चोर कार्यालयों के ताले तोड़कर कंप्यूटर, पंखों का सामान, जरूरी फाइलें और कर्मचारियों के निजी सामान तक चोरी कर रहे हैं। परिसर में संचालित क्योस्क और डेयरी बूथ भी चोरों के निशाने पर हैं। पिछले तीन महीनों में डेयरी बूथ में चोरी की वारदात हो चुकी है, वहीं क्योस्क के ताले तोड़ने के प्रयास भी किए गए हैं।
गेट टूटे होने पर उठे थे सवाल, फिर भी नहीं चेता प्रशासन
कुछ दिन पहले ही कोटा के चर्चित अधिवक्ता अख्तर खान अकेला ने कलेक्ट्रेट के गेट टूटे होने को लेकर सवाल उठाए थे, लेकिन इस ओर जिम्मेदारों ने गंभीरता नहीं दिखाई। इसका नतीजा यह है कि अब एक बार फिर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डेयरी बूथ के ताले तोड़ने की घटना सामने आई है। गनीमत रही कि इस बार चोर बूथ में रखा सामान चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलेक्टर, ग्रामीण एसपी कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी विभाग संचालित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने काम से पहुंचते हैं, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं हैं? रात के समय सुरक्षा गार्डों की कमी और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कदम नजर नहीं आए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब जिले का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिसर ही चोरों से सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जाए?
अब जिम्मेदारों से जवाब मांग रहे सवाल
कलेक्ट्रेट परिसर में रात के समय नियमित गश्त, सभी प्रवेश द्वारों की मरम्मत, सीसीटीवी कैमरों को चालू करवाने और पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग उठ रही है। साथ ही लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की भी जरूरत है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)