होली के त्योहार से शिशिर ऋतु की समाप्ति होती है तथा वसंत ऋतु का आगमन होता है। प्राकृतिक दृष्टि से शिशिर ऋतु के मौसम की ठंडक का अंत होता है और बसंत ऋतु की सुहानी धूप पूरे जगत को सुकून पहुंचाती है। हमारे ऋषि मुनियों ने अपने ज्ञान और अनुभव से मौसम परिवर्तन से होने वाले बुरे प्रभावों को जाना और ऐसे उपाय बताए जिसमें शरीर को रोगों से बचाया जा सके।
आयुर्वेद के अनुसार दो ऋतुओं के संक्रमण काल में मानव शरीर रोग और बीमारियों से ग्रसित हो जाता है। आयुर्वेद के अनुसार शिशिर ऋतु में शीत के प्रभाव से शरीर में कफ की अधिकता हो जाती है और बसंत ऋतु में तापमान बढऩे पर कफ के शरीर से बाहर निकलने की क्रिया में कफ दोष पैदा होता है, जिसके कारण सर्दी, खांसी, सांस की बीमारियों के साथ ही गंभीर रोग जैसे खसरा, चेचक आदि होते हैं। इनका बच्चों पर प्रकोप अधिक दिखाई देता है। इसके अलावा बसंत के मौसम का मध्यम तापमान तन के साथ मन को भी प्रभावित करता है। यह मन में आलस्य भी पैदा करता है।
इसलिए स्वास्थ्य की दृष्टि से होलिकोत्सव के विधानों में आग जलाना, अग्नि परिक्रमा, नाचना, गाना, खेलना आदि शामिल किए गए। अग्नि का ताप जहां रोगाणुओं को नष्ट करता है, वहीं खेलकूद की अन्य क्रियाएं शरीर में जड़ता नहीं आने देती और कफ दोष दूर हो जाता है। शरीर की ऊर्जा और स्फूर्ति कायम रहती है। शरीर स्वस्थ रहता है। स्वस्थ शरीर होने पर मन के भाव भी बदलते हैं। मन उमंग से भर जाता है और नई कामनाएं पैदा करता है। इसलिए बसंत ऋतु को मोहक, मादक और काम प्रधान ऋतु माना जाता है।
आनंद, प्रेम व उल्लास का पर्व है होली
चैत्र माह कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा को धुरेड़ी का त्योहार मनाया जाता है। होली का त्योहार देश के कई क्षेत्रों में पांच दिनों तक मनाया जाता है। इसी क्रम में चैत्र माह की कृष्ण पक्ष की पंचमी को रंगपंचमी का त्यौहार भी मनाया जाता है। जहां फाल्गुन पूर्णिमा को होली का धार्मिक महत्व अधिक दिखाई देता है, वहीं धुरेड़ी और रंगपंचमी के दिन सामाजिक और व्यावहारिक रूप से अधिक महत्व रखते हैं।
धुरेड़ी पर मुख्यत: अबीर गुलाल का उपयोग अधिक होता हैं, वही रंगपंचमी का दिन गीली होली के नाम से भी प्रसिद्ध है। इस दिन सारे लोग पुराने कपड़े पहनते हैं और गीला रंग और रंगीन पानी पिचकारियों में भरकर एक-दूसरे पर उड़ाते हैं। अनेक लोग समूह बनाकर ढोल, मंजिरे, तालियों, नृत्य करते हुए एक दूसरे से मिलते हैं। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में यह पर्व अलग-अलग लोक पंरपराओं के साथ मनाया जाता है। किंतु भाव एक ही होते हैं - आनंद, प्रेम, उल्लास और उमंग।
इस प्रकार रंगों के यह त्यौहार न केवल पारिवारिक, सामाजिक बंधनों को मजबूत करते हैं बल्कि जातिवाद, सांप्रदायिकता की घृणित मानसिकता से दूर कर अनेकता में एकता की भारतीय संस्कृति और धर्म की नई परिभाषा भी गढ़ते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
दोस्तों, कुछ गिले-शिकवे और कुछ सुझाव भी देते जाओ. जनाब! मेरा यह ब्लॉग आप सभी भाईयों का अपना ब्लॉग है. इसमें आपका स्वागत है. इसकी गलतियों (दोषों व कमियों) को सुधारने के लिए मेहरबानी करके मुझे सुझाव दें. मैं आपका आभारी रहूँगा. अख्तर खान "अकेला" कोटा(राजस्थान)